
चांडिल में अवैध खनन माफिया पर प्रशासन का करारा प्रहार, खदान सील, 6 क्रशर जब्त

गम्हरिया,संवाददाता – जगबंधु महतो
सरायकेला-खरसावां
जिले में सक्रिय अवैध खनन माफिया के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा एक्शन लिया है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार को चांडिल थाना क्षेत्र के मौजा चिल्गु एवं करनीडीह में जिला खनन विभाग, प्रदूषण विभाग, अंचल प्रशासन एवं चांडिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान मौजा चिल्गु में एक अवैध पत्थर खदान और इसके आसपास संचालित 6 अवैध क्रशर इकाइयों का खुलासा हुआ। मौके से भारी मात्रा में अवैध रूप से उत्खनित व भंडारित पत्थर जब्त कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस गंभीर मामले में खदान व क्रशर से जुड़े भूमि स्वामियों तथा अन्य संलिप्त लोगों के विरुद्ध चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
प्रदूषण विभाग ने भी अवैध क्रशर इकाइयों के विरुद्ध अलग से कठोर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा क्षेत्र में संचालित ईंट भट्टों की जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जुर्माना वसूला गया, जबकि दोषी इकाइयों पर आगे की कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने दो टूक कहा है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संपत्ति की जप्ती, आर्थिक दंड और कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला खनन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता नीति के तहत संयुक्त छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर दोषियों को राहत नहीं दी जाएगी।
Related posts:

