Advertisements
Spread the love

बहरागोड़ा : ग्राम सभाओं को सशक्त बनाने पर जोर, ग्राम प्रधानों ने की अहम बैठक…

प्रभाकर… ✍️

Advertisements

पारंपरिक ग्राम प्रधान संघ के बैनर तले बहरागोड़ा प्रखंड के पूर्वांचल स्थित नटराज गेस्ट हाउस में ग्राम प्रधानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सुजित कुमार विशाल ने की, जिसमें जिला अध्यक्ष अरूण बारिक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष अरूण बारिक ने ग्राम सभाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि ग्राम प्रधानों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने पेसा क्षेत्र की ग्राम सभाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय रूप से मजबूत करने की आवश्यकता बताई। साथ ही निर्देश दिया कि प्रत्येक ग्राम सभा में कार्यालय स्थापित किया जाए और नियमित कार्य संचालन के लिए एक महिला या पुरुष सदस्य को सहायक सचिव नियुक्त किया जाए, जिसमें महिलाओं को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्राम सभा के वित्तीय संचालन के लिए राष्ट्रीयकृत बैंक या डाकघर में खाता खोलना अनिवार्य होगा, जिसका संचालन ग्राम प्रधान, सहायक सचिव और एक महिला सदस्य संयुक्त रूप से करेंगे। सहायक सचिव का कार्यकाल एक वर्ष निर्धारित किया गया है।

बैठक में जानकारी दी गई कि बहरागोड़ा प्रखंड में कुल 452 गांव हैं, जिनमें से 360 ग्राम सभाओं में ही ग्राम प्रधान सक्रिय हैं, जबकि शेष गांवों में अभी तक चयन नहीं हुआ है। कई पद ग्राम प्रधानों के निधन के कारण रिक्त हैं। इन रिक्तियों को शीघ्र भरने पर विशेष चर्चा की गई।

निर्णय लिया गया कि मृत ग्राम प्रधानों के उत्तराधिकारियों को मान्यता देने और रिक्त ग्राम सभाओं में अविलंब ग्राम प्रधानों का चयन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा। साथ ही बरसोल थाना क्षेत्र के ग्राम प्रधानों के लिए अलग ‘बहरागोड़ा पूर्वांचल कमेटी’ के गठन का भी निर्णय लिया गया। इसके पूर्व सभी पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन किया जाएगा।

बैठक में देवाशीष कुईला, भवतारण बट्टवाल, तरूण प्रधान, दुलाल नायक, गणेश हांसदा, सपत गोराई, सुजित पाल सहित कई ग्राम प्रधान उपस्थित थे।