
बहरागोड़ा: डॉ दिनेशानंद गोस्वामी के प्रयासों से आगामी 3 जून को आयोजित होगा प्रतिभा सम्मान समारोह, राज्यपाल संतोष गंगवार के हाथों होंगे मैट्रिक के मेधावी छात्र- छात्राएं सम्मानित
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
शिक्षा और प्रतिभा को प्रोत्साहन देने की दिशा में बहरागोड़ा एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है. आगामी 3 जून को यहां प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. वे बहरागोड़ा प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से मैट्रिक परीक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे.

डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी की अगुवाई में हो रहा समारोह:
इस गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी की अगुवाई में किया जा रहा है. इस संबंध में डॉ गोस्वामी ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें और अधिक ऊंचाईयों तक पहुंचने की प्रेरणा देना है. राज्यपाल की उपस्थिति इन बच्चों के लिए यादगार क्षण होगी और यह कार्यक्रम पूरे समाज में शिक्षा के प्रति गंभीरता का संदेश देगा. डॉ. गोस्वामी ने यह भी याद दिलाया कि वर्ष 2018 में तात्कालीन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु भी बहरागोड़ा आई थीं और इसी तरह के कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सम्मानित किया था. इस परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है.
सांसद विद्युत वरण महतो और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा होंगे विशिष्ट अतिथि:
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा भी शामिल होंगे. दोनों ही जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से समारोह की गरिमा और उत्साह और बढ़ेगा. इस वर्ष बहरागोड़ा प्रखंड के विद्यार्थियों ने मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी किसी से पीछे नहीं हैं. इन्हीं विद्यार्थियों को मंच देकर सम्मानित करना एक सकारात्मक सामाजिक संदेश भी है.
राज्य स्तर पर स्थापित होगा बहरागोड़ा का शैक्षिक मानचित्र:
राज्यपाल की उपस्थिति और सम्मान समारोह के सफल आयोजन से बहरागोड़ा को राज्य के शैक्षणिक केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी. यह समारोह न केवल विद्यार्थियों, बल्कि उनके परिवार और शिक्षकों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत होगा.
Related posts:

