
दुमका में वृद्ध दंपती की नृशंस हत्या, पुलिस जांच में जुटी

संवाददाता : मौसम गुप्ता
दुमका । जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरकट्टा गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात अपराधियों ने वृद्ध दंपती नवगोपाल साहा उर्फ मथुरा साहा और उनकी पत्नी बिलु साहा की बेरहमी से हत्या कर दी। अपराधियों ने ईंट और लकड़ी के पटरे से हमला कर दोनों की जान ले ली।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को मृतक का बेटा अजय साहा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मानसा पूजा के लिए गोड्डा गया था। बुधवार शाम लौटने पर घर का दरवाजा बाहर से बंद मिला। गैरेज से अंदर प्रवेश करने पर पूरे परिवार की आंखों के सामने खौफनाक मंजर था। मां का शव बेडरूम के दरवाजे पर खून से लथपथ पड़ा था, जबकि पिता का शव पलंग के नीचे मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी पीतांबर सिंह खैरवार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जिम्मा संभाला। स्वान दस्ते की मदद से जांच शुरू की गई। खून से सनी ईंट को कुत्ते को सूंघाने पर वह मृतक के घर से सटे रिश्तेदार के घर में घुस गया। दोबारा प्रक्रिया करने पर भी कुत्ता उसी घर में गया। इससे पुलिस का शक और गहरा हो गया।
घटना को लेकर मृतक के चचेरे भाई दीपक वरुण साह ने बताया कि हाल ही में मृतक ने लखिकुंडी में अपनी जमीन बेची थी, जिससे उन्हें लगभग 15 लाख रुपये मिले थे। संभावना जताई जा रही है कि लूट के इरादे से अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
गांव के लोग भी सवाल उठा रहे हैं कि इतनी बर्बर हत्या के बावजूद घर से सटे रिश्तेदारों ने किसी तरह की आवाज क्यों नहीं सुनी? नवगोपाल साहा शारीरिक रूप से मजबूत थे, उन्हें और उनकी पत्नी को काबू करना आसान नहीं था। पुलिस अब इस पूरी पहेली को सुलझाने में जुटी है।
फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है। एसपी ने कहा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

