
चाकुलिया: केंदाडांगरी में तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर बनेगा भव्य काली पूजा पंडाल, 9 से 14 नवंबर तक लगेगा मेला
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत केंदाडांगरी गांव में काली पूजा को लेकर भव्य तैयारियां की जा रही हैं. इसे लेकर सोमवार को नेताजी यूथ स्पोर्टिंग क्लब के संरक्षक सरोज महापात्र ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूजा की तैयारियों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस वर्ष केंदाडांगरी में धूमधाम से काली पूजा मनाई जाएगी. आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. इसके साथ ही जूट से नटराज की आकर्षक प्रतिमा भी बनाई जा रही है.

सरोज महापात्र ने बताया कि कमेटी की ओर से लगभग 25 लाख रुपये की लागत से फोम और सिलिकॉन सामग्री का इस्तेमाल कर तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल की ऊंचाई 80 फीट और चौड़ाई 75 फीट होगी. पश्चिम बंगाल के एगरा स्थित मां चंडी डेकोरेटर्स के कारीगर पंडाल का निर्माण कर रहे हैं. वहीं, पश्चिम बंगाल के चंदनपुर से लाइटिंग, मुख्य प्रवेश द्वार और आकर्षक विद्युत सज्जा की व्यवस्था की जाएगी.
उन्होंने बताया कि 7 नवंबर शनिवार को कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुआ, विधायक समीर मोहंती, मंगल कालिंदी, संजीव सरदार, सोमेश सोरेन समेत अन्य लोगों के द्वारा शाम पांच बजे पंडाल का उद्घाटन किया जाएगा. केंदाडांगरी गांव में वर्ष 2004 से ग्रामीणों के सहयोग से काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष पूजा को आकर्षक और भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं.

सात दिनों तक होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
काली पूजा के अवसर पर 9 से 14 नवंबर तक गांव में मेले का आयोजन किया जाएगा. इस दौरान झूमर गीत, बाउल संगीत, ऑर्केस्ट्रा समेत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया जाएगा. 15 नवंबर को मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्लब के मुख्य संरक्षक सरोज महापात्र और प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय उपस्थित थे. पूजा की तैयारियों में राजीव महापात्र, सुखेन दास, मोहन माइती, सुजीत माइती, कमल महापात्र, सुखे माइती, असित महापात्र, पिंटू महापात्र, रंजीत मुंडा, गोविंदा कदमा, राहुल महतो समेत क्लब के अन्य सदस्य जुटे हुए हैं.
