
चाकुलिया: 5 जंगली हाथियों का झुंड ने गौशाला के अंदर बिजली पोल को किया क्षतिग्रस्त, भारी नुकसान
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित कोलकाता पिंजरापोल सोसायटी की गौशाला में पिछले एक महीने से जंगली हाथियों के लगातार उत्पात जारी है. इस गौशाला में प्रतिदिन जंगली हाथियों का झुंड आम के बागानों में घुसकर भारी नुकसान पहुँचा रहा है. गौशाला कर्मियों के अनुसार, हाथियों ने दर्जनों आम के पेड़ तोड़ दिए हैं, पके हुए फलों को खा लिया है और शेष फलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया है. गौशाला की स्थिति भयावह हो गई है. इस दौरान सोमवार को 5 जंगली हाथियों का झुंड ने गौशाला के अंदर बिजली पोल को क्षतिग्रस्त कर दिया है. जंगली हाथियों के लगातार उपद्रव से गौशाला के कर्मचारियों में दहशत का माहौल है. आर्थिक दृष्टि से भी संस्था को बड़ा नुकसान हुआ है. वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम लगातार हाथियों को भगाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सका है. इस समस्या को लेकर स्थानीय लोग और गौशाला प्रबंधन जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं, ताकि पशुओं और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.


