
चाकुलिया: शिल्पीमहल में ‘खुद बचो और हाथी बचाओ’ थीम पर सजेगा आकर्षक पूजा पंडाल
संवाददाता : विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित शिल्पीमहल दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर पर ‘खुद बचो और हाथी बचाओ’ की थीम पर आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल के माध्यम से हाथियों और मनुष्यों के बीच बढ़ते संघर्ष के साथ-साथ आपसी सह-अस्तित्व का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा. पंडाल में हाथी और मानव जीवन से जुड़ी विभिन्न झलकियां देखने को मिलेंगी. इसमें हाथियों के जंगल से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंचने, लोगों के साथ उनके टकराव तथा हाथियों के संरक्षण से जुड़े दृश्यों को आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा. इसके जरिए लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया जाएगा.


पूजा कमेटी के अध्यक्ष सुजीत दास ने बताया कि इस वर्ष ‘खुद बचो और हाथी बचाओ’ की थीम पर पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. पश्चिम बंगाल से आए कारीगर पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष सजावट और कलाकृतियां तैयार कर रहे हैं. पंडाल निर्माण में करीब 5 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है. उन्होंने बताया कि पंडाल में आकर्षक डेकोरेशन के साथ-साथ हाथियों और मानव जीवन से संबंधित कई दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र होंगे. दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल लोगों के मनोरंजन के साथ वन्यजीव संरक्षण का संदेश भी देगा. पूजा के सफल संचालन को लेकर कमेटी के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं.
