
चाकुलिया: ढेंगाम में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती ढेंगाम गांव में बुधवार को थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक कुरीतियों और अपराधों के प्रति जागरूक किया गया. अभियान के दौरान ग्रामीणों को जादूटोना एवं डायन प्रथा जैसी अंधविश्वास आधारित कुरीतियों से दूर रहने तथा ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई. वहीं, नशापान के दुष्परिणाम, घरेलू हिंसा की रोकथाम और पीड़ितों को उपलब्ध कानूनी सहायता के संबंध में भी जानकारी दी गई.


पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, PIN और पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई. साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई. साथ ही जोहार चैटबॉट नंबर 94711 67577 के संबंध में भी ग्रामीणों को जानकारी दी गई.
