
चाकुलिया: विद्यालयों के बच्चों में वितरण के लिए भेजी गई पुस्तकें और कॉपियां रद्दी के भाव में बिकने के लिए पहुंच गई टाल, पुलिस ने किया जब्त
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया प्रखंड में शिक्षा विभाग की लापरवाही का एक मामला प्रकाश में आया है. इस दौरान सोमवार को सरकार की ओर से प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों में वितरण के लिए भेजी गई पाठ्य पुस्तकें और कॉपियां बच्चों तक तो नहीं पहुंच पाईं, किन्तु उक्त पुस्तकें और कॉपियां रद्दी के भाव में बिकने के लिए टाल तक जरूर पहुंच गईं. चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के मिस्त्रीपाड़ा स्थित विलय हुए विद्यालय भवन में स्टॉक कर रखी गई पाठ्य पुस्तकें और कॉपियां एक टेंपो में लाद कर नया बाजार कांटा में वजन किया गया, जिसके बाद सभी पुस्तक ओर कॉपियां पुराना बाजार स्थित स्थानीय एक स्क्रैप टाल में बेचने के लिए लाई गईं. ग्रामीणों की जब इस पर नजर पड़ी तो लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया. टेंपो चालक आनन-फानन में उक्त पुस्तकें और कॉपियां स्क्रैप टाल में उतार कर वहां से भाग निकला.


लोगों ने कहा कि शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की मिली भगत से बिचौलियों का हौसला बुलंद हुआ है. उन्होंने कहा कि बिचौलियों द्वारा वर्ष 2025-26 में विद्यार्थियों के बीच वितरण के लिए आई नई किताबें एवं कॉपियां अवैध रूप से दिनदहाड़े रद्दी के भाव में बेची जा रही हैं. लोगों ने कहा कि अब तक यह पाठ्य पुस्तकें विद्यार्थियों के पास तक तो नहीं पहुंच पाईं, लेकिन वही पुस्तकें टाल में बिकने के लिए पहुंच गई हैं. लोगों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी जांच कर दोषी व्यक्तियों पर कार्रवाई करने की मांग की है. सूचना पाकर चाकुलिया पुलिस स्क्रैप टाल से किताबें एवं कॉपियों को जप्त कर लिया.

इसकी सूचना पाकर डीईओ मनोज कुमार, डीएसी आशीष पांडे पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली. उस दौरान मिस्त्रीपाड़ा स्थित विलय हुए विद्यालय भवन में पुस्तकों का स्टॉक भवन का निरीक्षण किया. इस संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर टेंपू चालक समस्त अन्य से पूछताछ की जा रही है. इस दौरान दोषी पाए गए व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

