
पुलिस ने दूर-दराज गांवों तक चलाया नशा मुक्ति अभियान

✍️ रिपोर्ट : दीपक नाग
घाटशिला । झारखंड सरकार ने प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए एक समर्पित संकल्प के साथ राज्य भर में निरंतर अभियान शुरू किया है। इस दिशा में पुलिस प्रशासन ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए समाजसेवियों को साथ लेकर विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर “नशा मुक्ति अभियान” चलाया है।
इसी कड़ी में घाटशिला थाना क्षेत्र को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से स्थानीय पुलिस और समाजसेवियों के संयुक्त प्रयास से आज काशिदाह, राजस्टेट, चालकडिह, गोपालपुर और फुलडुंरी जैसे सहरी व ग्रामीण इलाकों में जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्थानीय लोगों को नशे की लत से उत्पन्न स्वास्थ्य संबंधी नुकसान, पारिवारिक विघटन, सांस्कृतिक क्षरण और सामाजिक अव्यवस्था के खतरों के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें समझाया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ता है।
इस मौके पर युवाओं और ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का आह्वान किया गया। लोगों को बताया गया कि यदि वे इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाएं, तो न केवल उनका भविष्य सुधरेगा, बल्कि गांव और समाज की तस्वीर भी बदलेगी।
पुलिस और समाजसेवियों का यह संयुक्त प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय है। इस प्रकार के अभियान लोगों में आत्मचिंतन की भावना को जन्म देते हैं और समय के साथ इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिलते हैं।

