Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: मनोहर लाल उच्च विद्यालय +2 में इंटर की सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर विधायक समीर मोहंती ने उपायुक्त से की बात

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र स्थित मनोहर लाल उच्च विद्यालय +2 में इंटरमीडिएट कक्षाओं की सीमित सीटों के कारण विद्यार्थियों को हो रही परेशानी को लेकर विधायक समीर मोहंती ने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित लोगों के साथ बैठक की. बैठक में विद्यार्थियों के नामांकन की समस्या पर विस्तार से चर्चा करते हुए सीटों में बढ़ोतरी की आवश्यकता पर जोर दिया गया.

Advertisements
Advertisements

इस दौरान विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इंटर में नामांकन के लिए आवेदन करते हैं, लेकिन सीटों की कमी के कारण कई योग्य विद्यार्थियों को प्रवेश से वंचित होना पड़ता है. उन्होंने इसे छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए जल्द समाधान की आवश्यकता बताई.

बैठक के दौरान विधायक ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से दूरभाष पर वार्ता कर मनोहर लाल उच्च विद्यालय +2 में इंटरमीडिएट की सीटें बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया. उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया.

विधायक ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक छात्र-छात्रा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यार्थियों के हितों से जुड़े हर मुद्दे को सरकार और प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा, ताकि किसी भी छात्र को सीटों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न होना पड़े.

You missed