Advertisements
Spread the love

चाकुलिया पुलिस ने किया काली मंदिर में हुए चोरी का खुलासा, गिरफ्तार नाबालिग ने बताया की दिन में घर-घर जाकर भीख मांगने का करता था काम और देखता था कि किस-किस घर में लगा है ताला

चाकुलिया (विश्वकर्मा सिंह) नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित शिल्पीमहल सार्वजनिक काली मंदिर में विगत 14 -15 अगस्त की रात हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. नपं क्षेत्र निवासी एक नाबालिग को साइकिल चोरी करते ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था. इस दौरान पूछताछ में नाबालिग ने काली मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर उसके घर से मंदिर के दान पेटी से चुराए गए 4460 रुपए और ताला काटने के कई उपकरण बरामद हुए. मंगलवार को पुलिस ने नाबालिग को न्यायालय और सीडब्लूसी में प्रस्तुत कर बाल सुधार गृह घाघीडीह भेज दिया गया. मामले का खुलासा तब हुआ जब उक्त नाबालिग को चाकुलिया नगर पंचायत के पुराना बाजार स्थित एक मेडिकल दुकान के पास से गोविंदपुर निवासी साधु मुंडा की साइकिल चोरी करने का प्रयास कर रहा था. ग्रामीणों ने नाबालिग को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया था. पूछताछ में नाबालिग ने शिल्पीमहल काली मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार की. उसने पुलिस को बताया कि वह दिन में घर-घर जाकर भीख मांगने का काम करता था. भीख मांगने के दौरान देखता था कि किस-किस घर में ताला लगा हुआ है. रात में वह अपने कई साथियों के साथ ताला लगे घरों में आरी की मदद से घर के तालों को काटकर घर में रखे गहने एवं अन्य सामानों की चोरी करता था. पुलिस ने उसके पास से चोरी करने में ताला तोड़ने के लिए उपयोग किए जाने वाले हथौड़ा, आरी, पेचकस समेत अन्य सामानों को बरामद कर लिया है. पुलिस ने उसके घर से मंदिर के दान पेटी से चोरी हुई रकम को भी बरामद किया है. वहीं गहनों को नाबालिग द्वारा बेच दिया गया. थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि चोरी के अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं चोरी के सामानों को बरामद करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

Advertisements

You missed