
चाकुलिया: तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर पंप ऑपरेटरों ने दी हड़ताल की चेतावनी
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत के अंतर्गत ठेकेदार के माध्यम से कार्यरत पंप ऑपरेटरों एवं फिटर कर्मियों ने पिछले तीन माह से वेतन भुगतान नहीं होने पर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है. इस संबंध में अरिजीत दत्ता, चंदन बेरा, विकास दास, असित नाथ, शंकर चंद्र महतो, रविदास महतो, कमलकांत बारिक, मदन बेरा, सत्यनारायण मांडी ने 26 सितंबर को नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपकर बकाया वेतन भुगतान कराने की मांग की है. आवेदन में कर्मियों ने बताया कि ठेकेदार कुशाग्र कुमार के माध्यम से नगर पंचायत क्षेत्र में नियमित रूप से पंप संचालन एवं अन्य कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं. उनका आरोप है कि पिछले तीन माह से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है. लगातार वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार चलाने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. कर्मियों के अनुसार, ठेकेदार से कई बार बकाया वेतन भुगतान का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक भुगतान नहीं किया गया है. आवेदन में कहा गया है कि यदि 28 सितंबर तक तीन माह का बकाया वेतन भुगतान नहीं किया जाता है, तो सभी पंप ऑपरेटर एवं फिटर 29 सितंबर से हड़ताल पर जाने का निर्णय ले सकते हैं.

कर्मियों ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान पेयजल आपूर्ति एवं पंप संचालन प्रभावित हो सकता है, जिसकी जानकारी उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय को पहले ही दे दी है. उन्होंने बकाया वेतन भुगतान की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होने की बात कही है. पंप ऑपरेटरों एवं फिटर कर्मियों ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित कर तीन माह का बकाया वेतन जल्द भुगतान कराने की मांग की है, ताकि पेयजल आपूर्ति एवं अन्य सेवाएं सुचारु रूप से जारी रह सकें.
