
चाकुलिया: सांकाभांगा के जंगल में धड़ल्ले से पेड़ों की कटाई, डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने सरकार पर साधा निशाना
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने चाकुलिया प्रखंड के सांकाभांगा गांव के समीप जंगल में बड़ी संख्या में साल के पेड़ों की कटाई को लेकर झारखंड सरकार और वन विभाग पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि राज्य में प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के दावे के बावजूद जंगलों में पेड़ों की कटाई पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है. डॉ. गोस्वामी ने कहा कि राज्य में पिछले सात वर्षों से कोयला, बालू, पत्थर समेत अन्य प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और लूट का आरोप लगता रहा है। अब जंगलों में भी बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की जा रही है. चाकुलिया के सांकाभांगा गांव के पास जंगल में बड़ी संख्या में साल के पेड़ काटे गए हैं. उन्होंने कहा कि सबसे चिंता की बात यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग से महज करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर जंगल में पेड़ों की कटाई होती रही, लेकिन वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी. उन्होंने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया.


डॉ. गोस्वामी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन की रक्षा का वादा कर सत्ता में आई झामुमो सरकार को जंगलों में हो रही पेड़ों की कटाई पर तत्काल रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य में प्राकृतिक संसाधनों की कथित लूट रोकने तथा जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया.
