Advertisements
Spread the love

चाकुलिया: स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी को लेकर नगर पंचायत कार्यालय में हुआ सफाई कर्मियों का विशेष प्रशिक्षण

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को सफाई कर्मियों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यह प्रशिक्षण ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के उपनिदेशक रवि रंजन द्वारा प्रदान किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना तथा सफाई मित्रों को आधुनिक तरीकों और मानकों से अवगत कराना रहा. प्रशिक्षण के दौरान सफाई कर्मियों को नगर निकाय क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों के बीच स्वच्छता को लेकर जन-जागरूकता फैलाने की भूमिका पर विशेष रूप से जोर दिया गया. प्रशिक्षण सत्र में सूखा एवं गीला कचरा पृथक्करण, सुरक्षित सफाई प्रक्रिया तथा सफाई सुरक्षा चैलेंज के अंतर्गत पीपीई किट के महत्व की विस्तार से जानकारी दी गई.

इसके साथ ही सफाई कार्य के दौरान स्वयं की सुरक्षा, स्वास्थ्य संरक्षण और स्वच्छता मानकों के पालन पर भी मार्गदर्शन दिया गया. नगर पंचायत द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे स्वच्छ, सुरक्षित और जागरूक नगर निर्माण में सफाई मित्रों की भूमिका और सशक्त होगी.