चाकुलिया: नगर पंचायत में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बदहाल, पूर्णापानी जाने वाली मुख्य सड़क अंधेरे में डूबी

संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया–बेंद मुख्य सड़क पर नगर पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से लेकर शहीद निर्मल महतो चौक पूर्णापानी तक का पूरा मार्ग इन दिनों अंधेरे के साये में डूबा हुआ है. सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट के खंभे और लाइटें लगी होने के बावजूद इक्का-दुक्का लाइटों को छोड़ अधिकांश स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो गई है. अंधेरे के कारण जहरीले सांप, बिच्छू और अन्य कीड़े-मकोड़ों का खतरा बना रहता है. खासकर पैदल आने-जाने वाले लोगों में हर समय दुर्घटना या किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत या बदलाव के लिए नगर पंचायत का ध्यान आकर्षित कराया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई. अब सवाल यह उठता है कि नगर पंचायत क्षेत्र की इस बदहाल स्थिति को प्रशासन की अनदेखी माना जाए या फिर व्यवस्था की नाकामी. इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है. क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत या नई लाइटें लगाने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.


Related posts:

