
बारगावा पंचायत सचिवालय में निःशुल्क लाइब्रेरी का उद्घाटन

राँची । नामकुम प्रखंड के बारगावा पंचायत सचिवालय में सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल के तहत पंचायत लाइब्रेरी का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद प्रतिनिधि सह वरिष्ठ समाजसेवी मनोज कुमार सिंह और पंचायत की मुखिया अनीता तिर्की ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस मौके पर मनोज कुमार सिंह ने बताया कि इस लाइब्रेरी में प्रतियोगिता परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकों को रखा गया है। अब गांव के वैसे छात्र-छात्राएं, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, वे सचिवालय में आकर निःशुल्क अध्ययन कर सकते हैं। साथ ही, एक अध्ययन कक्ष भी तैयार किया गया है, जिससे पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी विशेष रूप से जरूरतमंद और गरीब बच्चों के लिए एक संजीवनी की तरह काम करेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलेगा। यह सरकार की ओर से वंचित वर्ग के लिए एक बड़ा और सराहनीय कदम है।
उद्घाटन समारोह के दौरान मुखिया अनीता तिर्की, पंचायत सचिव सत्यनारायण मांझी, प्रमोद कुमार, उज्जवल दास बनर्जी, कृष्णा कुमार, मधुसूदन घोष, पूनम देवी, शांति देवी समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

