
खूंचीडीह में खरकई बराज परियोजना को लेकर बढ़ा विवाद, ग्राम सभा ने प्रशासन के निर्देश पर उठाए सवाल
रिपोर्टर – जगबंधु महतो
तीन साल पहले ही खारिज हो चुका है लिफ्ट अफ्लक्स बंड का प्रस्ताव, दोबारा ग्राम सभा बुलाने पर भड़के ग्रामीण
गम्हरिया : खरकई बराज परियोजना के तहत लिफ्ट अफ्लक्स बंड निर्माण को लेकर गम्हरिया प्रखंड के दुग्धा पंचायत अंतर्गत खूंचीडीह गांव में प्रशासन और ग्राम सभा के बीच विवाद गहराता जा रहा है। परियोजना के लिए ग्राम सभा बुलाने के प्रशासनिक निर्देश पर ग्रामीणों ने कड़ा ऐतराज जताया है। ग्राम सभा ने दो टूक कहा है कि जिस प्रस्ताव को वर्ष 2023 में सर्वसम्मति से खारिज किया जा चुका है, उसे दोबारा थोपने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ग्रामीण उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।
मामले को लेकर ग्राम सभा ने बीडीओ, गम्हरिया को पुनः स्मरण पत्र सौंपा है। दरअसल, बीडीओ कार्यालय की ओर से पत्रांक 1389, दिनांक 18 नवंबर 2026 के माध्यम से 25 नवंबर को सुबह 11 बजे खूंचीडीह में ग्राम सभा आयोजित करने का निर्देश दिया गया था। इसमें सरकारी भूमि पर निर्माण कार्य शुरू करने तथा रैयती भूमि के भू-अर्जन को लेकर ग्रामीणों से विचार-विमर्श करने की बात कही गई थी।
इसके जवाब में 23 नवंबर को ग्राम प्रधान की ओर से पत्रांक BSGS/04/2026 के तहत प्रशासन को पुराने ग्राम सभा के फैसले की याद दिलाई गई। पत्र के मुताबिक, 29 अक्टूबर 2023 को आयोजित ग्राम सभा में जल संसाधन विभाग के उक्त प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा के बाद सर्वसम्मति से असहमति जताते हुए उसे खारिज कर दिया गया था।
ग्राम सभा ने संविधान के अनुच्छेद 243, 244(1), पांचवीं अनुसूची तथा पेसा कानून के प्रावधानों का हवाला देते हुए अपने निर्णय का सम्मान करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम सभा की सहमति और अधिकारों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं थोपा जाना चाहिए।
इस दौरान ग्राम प्रधान सह माझी बाबा बीरधान माझी के नेतृत्व में संग्राम मार्डी समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष ग्रामीण मौजूद थे।
