Advertisements
Spread the love

हथियाडीह में वनभूमि पर नर्मदेश्वर नगर बसाने से विवाद तेज, भू-माफिया पर जमीन बेचने का आरोप, स्थानीय लोग डीसी से करेंगे शिकायत

Advertisements

संवाददाता : जगबंधु महतो

गम्हरिया। सरायकेला जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के इंडस्ट्रियल पार्क से सटे नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर-1 हथियाडीह में वनभूमि पर अवैध बस्ती बसाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नर्मदेश्वर नगर नाम से बस रही इस बस्ती को लेकर स्थानीय लोग विरोध जता रहे हैं। उनका कहना है कि वनभूमि पर लगातार भवन निर्माण से क्षेत्र की भूमि पर अतिक्रमण बढ़ रहा है। विरोध के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने से नाराज ग्रामीण शुक्रवार को उपायुक्त से मिलने का निर्णय ले चुके हैं। वहीं नर्मदेश्वर नगर के लोगों का दावा है कि उन्होंने वन विभाग और स्थानीय पुलिस प्रशासन से अनुमति लेकर ही आवास निर्माण किया है तथा विरोध करना अनुचित है। दूसरी ओर जानकारी मिली है कि अधिकांश भूमि वन विभाग की है, जिसे गौतम लोहार उर्फ पिंटू लोहार एवं विमल मुखी के नेतृत्व में एक गिरोह द्वारा 4 से 5 लाख रुपये प्रति कट्ठा की दर से बेचा जा रहा है। बस्तीवासियों का आरोप है कि इस धंधे में विभाग और प्रशासन की भी मिलीभगत है। प्रभारी वनपाल देवेंद्र नाथ टुडू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बस्तीवासी कार्रवाई से बचने के लिए झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई बार अवैध निर्माण पर कार्रवाई की गई है, लेकिन भू-माफिया भोलेभाले लोगों को अब भी गुमराह कर जमीन बेच रहे हैं। टुडू ने कहा कि जल्द ही अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा और विभाग व प्रशासन पर दुष्प्रचार फैलाने वालों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।