
स्थानीयों ने सुरक्षा व्यवस्था पर जताया गहरा रोष, जिला प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग

गम्हरिया (सरायकेला-खरसावां) | गम्हरिया थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी, छिनतई और आगजनी की घटनाओं ने आम नागरिकों और व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है। बीती रात आर्का जैन कॉलेज मोड़ स्थित गोप होटल में अज्ञात चोरों ने टीन की छत तोड़कर करीब ₹14,000 नकद और पूरा सीसीटीवी कैमरा सेट चुरा लिया। होटल मालिक सनातन गोप द्वारा सुबह थाने में दी गई सूचना के बावजूद पुलिस की एक घंटे की देरी से पहुंचने पर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया।
यह पहली बार नहीं है जब उक्त होटल को चोरी का निशाना बनाया गया हो। इससे पूर्व भी दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इससे क्षेत्रीय जनता में पुलिस प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर असंतोष बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने गम्हरिया थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन पर अपराधियों से मिलीभगत का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब थाना प्रभारी छुट्टी पर रहते हैं, तब अन्य अधिकारी सक्रियता दिखाते हुए अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हैं। लेकिन प्रभारी की उपस्थिति में कार्यवाही शून्य रहती है।
पिछले एक महीने के भीतर मोबाइल दुकानों में चोरी, झोपड़ी नुमा दुकानों से सामान गायब होने, होटलों में आगजनी, टाटा स्टील गम्हरिया गेट के पास ट्रक चालकों से छिनतई, टायर और तेल चोरी जैसी अनेक घटनाएं सामने आई हैं। स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि थाने में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया में लापरवाही बरती जाती है और शिकायतकर्ताओं को उचित सुनवाई के बिना लौटा दिया जाता है।
व्यापक जनाक्रोश के बीच क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि गम्हरिया थाना प्रभारी की कार्यशैली की निष्पक्ष जांच कराई जाए और थाना क्षेत्र में बढ़ते अपराध पर नियंत्रण हेतु ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही, स्थानीय प्रशासन से यह भी अपेक्षा की जा रही है कि पीड़ितों को न्याय दिलाने तथा कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए तत्परता से कार्य किया जाए।

