
खराईघुटू में गूगल रिव्यू के नाम पर साइबर ठगी, 6 आरोपी गिरफ्तार

जमशेदपुर/पोटका । कोवाली थाना क्षेत्र के खराईघुटू जंगल के पास गूगल रिव्यू रेटिंग टास्क के बहाने साइबर ठगी का गिरोह सक्रिय था। टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे मैसेजिंग ऐप्स के जरिए यह गिरोह युवाओं को झांसे में लेकर उनके खातों से पैसे उड़ा रहा था। इस गिरोह के खिलाफ गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 6 आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के नाम हैं मानिक भगत, देव भगत, खितेश भगत, चंदन भगत उर्फ सोनू, मंथन भगत उर्फ रिंकू भगत, और चितरंजन भगत उर्फ किरण भगत।
कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान के बयान पर सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि जंगल किनारे कुछ युवक साइबर ठगी में संलिप्त हैं। इसी आधार पर मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत के नेतृत्व में छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही सभी आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी गूगल रिव्यू रेटिंग टास्क पूरा करने के नाम पर लोगों को पहले भरोसे में लेते थे, फिर उनके बैंक खातों की जानकारी लेकर धोखाधड़ी करते थे। छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी और कर्मी :
मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत कोवाली थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान एसआई अजंता महतो
आरक्षी रवींद्र सिंह सरदार, अस्तुल्लाह खां, नरपति बिरुवा चौकीदार विभीषण सरदार और नारायण मुर्मू थे ।

