
राज्यसभा सांसद आदित्य साहू से सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह ने की मुलाकात, टाटा रोड से सदाबहार चौक तक सड़क निर्माण की मांग

रांची (ब्यूरो रिपोर्ट)। राज्यसभा सांसद प्रो. आदित्य प्रसाद साहू से सांसद प्रतिनिधि एवं प्रदेश प्रवक्ता किसान मोर्चा झारखंड श्री मनोज कुमार सिंह ने मुलाकात कर टाटा रोड से झारखंड अधिविध परिषद कार्यालय, सामुदायिक भवन, प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, आर.डी.एस पब्लिक स्कूल होते हुए सदाबहार चौक तक लगभग एक किलोमीटर लंबे सड़क निर्माण की मांग की। मनोज कुमार सिंह ने सांसद को अवगत कराया कि यह सड़क अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे हजारों लोगों का रोज़ाना आवागमन होता है। इस मार्ग से प्रोजेक्ट स्कूल और आरडीएस स्कूल के सैकड़ों छात्र, सामुदायिक अस्पताल के मरीज, झारखंड अधिविध परिषद कार्यालय आने वाले छात्र, शिक्षक, अभिभावक, और स्थानीय निवासी नियमित रूप से गुजरते हैं। उन्होंने बताया कि बरसात के दिनों में इस सड़क की हालत बदतर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और लोग भीगकर स्कूल, अस्पताल व कार्यालय जाने को मजबूर होते हैं। इस पर सांसद प्रो. आदित्य प्रसाद साहू ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिला अनाबद्ध निधि से उक्त सड़क निर्माण की अनुशंसा उपायुक्त रांची को भेजी है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि वर्ष 2025-26 की योजना में इस सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
उपायुक्त रांची की अनुपस्थिति में, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह ने उनके ओएसडी को अनुशंसा पत्र सौंपा और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद जताई।

