Advertisements
Spread the love

दुमका : ब्रेन ट्यूमर से जूझ रहे आठ वर्षीय जीत के इलाज के लिए परिवार ने लगाई मदद की गुहार

रिपोर्ट : मौसम गुप्ता 

मसलिया प्रखंड की सापचाला लखीबाद पंचायत निवासी दिहाड़ी मजदूर निर्मल महतो का परिवार इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहा है। उनका इकलौता आठ वर्षीय पुत्र जीत यादव ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित है और तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित सीएमसी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने जल्द ऑपरेशन कराने की सलाह देते हुए उपचार पर पांच लाख रुपये से अधिक खर्च आने का अनुमान बताया है। निर्मल महतो ने बताया कि 22 मई को बेटे को अचानक उल्टी और तेज पेट दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उसे पश्चिम बंगाल के आसनसोल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ दिनों तक इलाज के बाद स्थिति सामान्य लगी, लेकिन 24 जून को उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। चिकित्सकों की सलाह पर परिजन उसे हवाई मार्ग से वेल्लोर लेकर पहुंचे, जहां जांच में ब्रेन ट्यूमर की पुष्टि हुई। निर्मल महतो ने बताया कि वह दिहाड़ी मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इतनी बड़ी राशि जुटाना उनके लिए संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि बेटे के इलाज के लिए विभिन्न जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों और समाजसेवियों से आर्थिक सहयोग की अपील की, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। हालांकि कुछ जनप्रतिनिधियों ने हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है।

इधर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ऐसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी सहायता योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए मरीज के परिजनों को अस्पताल से संभावित उपचार व्यय का अनुमानित बिल एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित कार्यालय में आवेदन करना होगा।