
बाबूलाल मरांडी बोले- छात्रों पर दर्ज FIR वापस हो, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई
दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता
दुमका : JPSC, JSSC-CGL समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और अनियमितताओं के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को दुमका में राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार हल्लाबोल किया। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल के नेतृत्व में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया और युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। रैली यज्ञ मैदान से शुरू होकर टीन बाजार, नीचे बाजार होते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंची। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा में झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व सांसद सुनील सोरेन, अभयकांत प्रसाद, परितोष सोरेन, सुरेश मुर्मू, गौरवकांत, सीताराम पाठक, पिंटू अग्रवाल, अमिता रक्षित सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। भाजपा ने सरकार के समक्ष प्रमुख रूप से शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे तत्काल वापस लेने, प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग रखी। इस संबंध में भाजपा नेताओं ने उपायुक्त के नाम मांगपत्र भी सौंपा। मांग पत्र में भारतीय जनता पार्टी ने वर्तमान परिस्थिति में झारखंडी छात्रों के मांगों के समर्थन में राज्य सरकार से मांग की है कि छात्र आंदोलन के दौरान एवं बाद में छात्रों के ऊपर राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज FIR अविलंब रद्द किया जाए। झारखंड सरकार द्वारा JPSC/JSSC द्वारा परीक्षाओं में की गई धांधली को स्वीकार करते हुए रद्द एवं स्थगित किए गए सभी परीक्षाओं की अविलंब CBI जांच की अनुशंसा करें। एवं आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी होने के बाद अभी तक समान रूप से दोषी आयोग के सदस्यों की भी अविलंब गिरफ्तारी हो एवं जिन पदाधिकारियों के मातहत कनिष्ठ कर्मचारियों की गिरफ्तारी धांधली के आरोपों में हुई है, वैसे पदाधिकारियों की भी गिरफ्तारी करते हुए कार्रवाई की जाए। कहा कि भाजपा उपरोक्त मांगों को झारखंड के युवाओं के हित में अविलंब पूरी करने की मांग करती है। सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर रोजगार हासिल करना चाहते हैं, लेकिन राज्य सरकार की व्यवस्था में उन्हें लगातार निराशा हाथ लग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ मारपीट की गई और उनके खिलाफ ही मुकदमे दर्ज कर दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज दबाने से परीक्षा में हुई गड़बड़ी का सच नहीं छिपाया जा सकता। सरकार को युवाओं के सवालों का जवाब देना होगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी होगी। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा तब तक चुप नहीं बैठेगी, जब तक छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते, कथित रूप से दोषी लोगों पर कार्रवाई नहीं होती और पूरे मामले की CBI जांच शुरू नहीं की जाती। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई को भाजपा चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार CBI जांच से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच होने पर मामले की सच्चाई सामने आएगी और इसकी आंच मुख्यमंत्री कार्यालय तक भी पहुंच सकती है । पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार पर CBI जांच से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होती है तो कई गंभीर तथ्य सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को लेकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और नौकरी की उम्मीद लेकर परीक्षा देने वाले युवाओं के सपनों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं के साथ खड़ी है और उनके भविष्य की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता युवाओं का अधिकार है। सरकार को छात्रों की आवाज दबाने के बजाय उनकी शिकायतों का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य और न्याय की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलता, भाजपा का संघर्ष जारी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी नवल किस्कू ने बताया कि घेराव कार्यक्रम में जिला महामंत्री मृणाल मिश्रा, विमल मरांडी, मनोज पांडे, पवन केसरी, सोनी हेंब्रम, रघुनाथ राजक, सुरेश गुप्ता, मंडल अध्यक्ष रमेश देहरी, दिनेश कापरी, नंदकिशोर मंडल, नवल किशोर मांझी, ममता साह, सोनी हेंब्रम, वीरेंद्र मरांडी, भोला मांझी, महेंद्र मंडल, भृगु नाथ यादव, विनोद यादव, इंद्रकांत यादव, मार्शल टुडू, विमान सिंह, विद्युत मंडल, अजय सिंह, रामजस मांझी, मार्शल ऋषिराज टुडू, गुंजन मरांडी, रवींद्र बास्की, फारुख अनवर, अमन राज, श्रीधर दास, दिनेश सिंह, रामकृष्ण हेंब्रम, ओम केसरी, गोविंद दान, कुश पाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

