Advertisements
Spread the love

कांद्रबेड़ा-डोबो मार्ग पर खनन विभाग की दबिश, पत्थर-बालू लदे पांच वाहन पकड़े

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

पत्थर-बालू के पांच वाहनों पर खनन विभाग की कार्रवाई, ओवरलोडिंग भी पकड़ी गई

कांद्रबेड़ा : सरायकेला जिले में अवैध खनन और खनिजों के नियम विरुद्ध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। मंगलवार को जिला खनन विभाग की टीम ने कांद्रबेड़ा काली मंदिर तथा कांद्रबेड़ा-डोबो मार्ग के आसपास नाका जांच अभियान चलाकर खनिज लदे पांच वाहनों को पकड़ा। जांच के दौरान किसी भी वाहन के चालक द्वारा खनिज परिवहन से संबंधित आवश्यक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज पाए जाने पर ओवरलोडिंग की भी पुष्टि हुई।

जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी के नेतृत्व में स्थानीय प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में चलाए गए अभियान के दौरान पत्थर लदे दो हाइवा, बालू लदे दो हाइवा और एक आइसर वाहन को रोका गया। टीम ने चालकों से परिवहन चालान समेत खनिज से संबंधित अन्य जरूरी कागजात दिखाने को कहा, लेकिन चालक दस्तावेज प्रस्तुत करने में असफल रहे।

जांच में ओवरलोडिंग की अनियमितता सामने आने के बाद खनन विभाग ने सभी पांच वाहनों को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को आगे की विधिसम्मत कार्रवाई के लिए संबंधित थाना को सुपुर्द किया गया है। विभाग की कार्रवाई से खनिज परिवहन से जुड़े वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, बिना वैध दस्तावेज खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर खनन विभाग, स्थानीय प्रशासन और पुलिस के समन्वय से नियमित रूप से जांच अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ प्रचलित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।