Spread the love

जंगल के नाम पर रंगदारी वसूलने वाला गिरोह बेनकाब, 7 अपराधी हथियार समेत गिरफ्तार

Advertisements
Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

खरसावाँ :सरायकेला पुलिस ने रंगदारी/लेवी मांगने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अपराधी खरसावाँ थाना क्षेत्र के आमदा ओपी अंतर्गत पिताकलाग में पुल निर्माण कंपनी के साइट पर काम कर रहे कर्मियों को धमकाकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल 2026 को करीब आधा दर्जन अज्ञात अपराधियों ने साइट पर पहुंचकर मुंशी और मजदूरों को
डराया-धमकाया था। इसके बाद साइट इंचार्ज को फोन कर “जंगल का आदमी” बताकर काम जारी रखने के एवज में 5 लाख रुपये की मांग की गई थी। इस मामले में खरसावाँ थाना कांड संख्या-14/26 दर्ज किया गया।घटना के उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, दो गोली, धमकी देने में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल और दो सिम, कुल 9 मोबाइल फोन और तीन बाइक बरामद की गई हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी चोरी, आर्म्स एक्ट, अपहरण और हत्या जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं। इस कार्रवाई में मो. एहसान अंसारी, शमीर सामड़, मो. मोदासीर अंसारी, रविंद्र हाईबुरू, चन्द्रमोहन बांकिरा उर्फ पांडु, दुर्गा चरण चाकी उर्फ राजन और असीम बारिक को गिरफ्तार किया गया है।

इस अभियान में सरायकेला एसडीपीओ समीर सवैया, खरसावाँ थाना प्रभारी गौरव कुमार, आमदा ओपी प्रभारी रामरेखा पासवान समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों और तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

You missed