
अनगड़ा में प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन
Arjun kumar Pramanik…..✍️

अनगड़ा(राँची) । प्रखंड के बीसा पंचायत में प्रखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड अध्यक्ष एतवा उरांव, जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुण्डा और विधायक प्रतिनिधि (खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग) आशीष मुण्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित योजना के तहत संपन्न हुआ। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एतवा उरांव ने कहा कि खेल ही ऐसा माध्यम है, जिसके द्वारा शारीरिक विकास के साथ भविष्य का निर्माण संभव है। वहीं आशीष मुण्डा ने कहा कि खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी ताकि वे अपने खेल जीवन में आगे बढ़ सकें। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक पंचायत और गांव में जर्सी एवं जूते का वितरण किया जाएगा। प्रतियोगिता के तहत फुटबॉल, कबड्डी, दौड़, लंबी कूद और रस्सीकूद जैसे खेलों का एकदिवसीय आयोजन किया गया। फुटबॉल प्रतियोगिता में जयराम स्पोर्टिंग क्लब बीसा विजेता तथा जूनियर फुटबॉल क्लब बीसा उपविजेता रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में डोकाद की टीम विजेता और नवागढ़ की टीम उपविजेता रही। दौड़ प्रतियोगिता (बालक वर्ग) में प्रेम बेदिया प्रथम, पिकेश्वर बेदिया द्वितीय और अरुण मुण्डा तृतीय स्थान पर रहे, जबकि लंबी कूद में धर्मनाथ बेदिया प्रथम, दिलेश्वर बेदिया द्वितीय और महेश बेदिया तृतीय रहे। दौड़ प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) में सुहाना बान्डो ने प्रथम, दीपा कुमारी ने द्वितीय और सोनी कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रस्सीकूद (बालिका वर्ग) में नंदनी कुमारी प्रथम और कृतिका कुमारी द्वितीय रहीं। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र, टी-शर्ट, स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय मुखिया मंज्योति देवी, जयराम स्पोर्टिंग क्लब के संस्थापक जयराम बेदिया, महासचिव पुसुवा लोहरा, उपाध्यक्ष दिलीप पाहन सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

