
होली पर बड़ा गम्हरिया में गूंजा हरिनाम संकीर्तन, गोपाल जीउ मंदिर से निकली भव्य नगर परिक्रमा

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया: होली के शुभ अवसर पर बड़ा गम्हरिया स्थित गोपाल जीउ मंदिर के भक्तों द्वारा हरिनाम संकीर्तन के साथ भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्ति रस में डूबा नजर आया।
नगर परिक्रमा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर विभिन्न मोहल्लों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर में संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में भगवान का गुणगान करते हुए भजनों और कीर्तन के माध्यम से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की धुन पर महिला-पुरुष, युवा और बच्चे झूमते नजर आए।
होली के पावन पर्व पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन से बड़ा गम्हरिया में उत्सवी और आध्यात्मिक माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने इसे सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द का प्रतीक बताया। आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को और भी भव्य बना दिया।

