Advertisements
Spread the love

कुकड़ू के हाट मैदान में स्वास्थ्य मेला आयोजित, जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने किया उद्घाटन

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

ईचागढ़ : कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत हाट मैदान में मंगलवार को भव्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने फीता काटकर किया। इस मेले में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, परामर्श और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए अलग–अलग स्टॉल लगाए गए थे, जहां दिन भर लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
उद्घाटन के बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वास्थ्य मेला लगाने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ संबंधी जानकारी और त्वरित लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर ऐसे आयोजनों से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती चरण में हो पाती है। मधुश्री महतो ने यह भी घोषणा की कि अगले महीने जिला परिषद की ओर से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को जांच के लिए दूर के शहरों का चक्कर न लगाना पड़े।
मेले में स्वास्थ जांच के लिए अलग–अलग विभागों के स्टॉल बनाए गए थे। सामान्य चिकित्सा, मातृ–शिशु देखभाल, टीकाकरण, पोषण, आंख व दंत जांच के साथ आयुष्मान भारत योजना के लिए विशेष काउंटर लगाया गया था। जिन ग्रामीणों के पास अब तक आयुष्मान कार्ड नहीं है, उनका ऑन–स्पॉट पंजीकरण भी किया गया। कार्यक्रम संयोजकों ने बताया कि सैकड़ों लोगों ने मुफ्त जांच और दवा का लाभ लिया।
स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और नर्सों ने ग्रामीणों को साफ–सफाई, संतुलित आहार और नियमित जांच की सलाह दी। स्थानीय मुखिया व वार्ड सदस्यों ने कहा कि प्रखंड में स्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनने से हर समय डॉक्टर और नर्स उपलब्ध रहेंगे, जिससे कुकरू प्रखंड के सभी पंचायत को बड़ी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य मेला को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा गया और लोगों ने ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की मांग की।