
कुकड़ू में प्रधानमंत्री और आबुआ आवास के लाभुकों के घरों में जली खुशियों की रोशनी, जनप्रतिनिधियों ने कराया गृह प्रवेश
रिपोर्टर : जगबंधु महतो
वर्षों का सपना हुआ साकार, पक्के मकान में प्रवेश कर भावुक हुए लाभुक; मधुश्री महतो ने दी बधाई
कुकड़ू : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत बेराशी, सिरुम और लेटेमदा पंचायत क्षेत्र में रविवार को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं झारखंड सरकार की आबुआ आवास योजना के लाभुकों के लिए खुशियों का खास अवसर रहा। लंबे समय से अपने पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों को आखिरकार नए आशियाने में प्रवेश करने का मौका मिला। इस अवसर पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की मौजूदगी में विधिवत गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लाभुक निखिल चंद्र महतो, उर्मिला महतो समेत अन्य परिवारों के नवनिर्मित आवासों का फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर गृह प्रवेश कराया गया। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर और मुखिया मस्जिद सिंह ने संयुक्त रूप से लाभुकों को नए घर में प्रवेश कराया तथा उनके सुखमय जीवन की कामना की।
इस मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराना इन आवास योजनाओं का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। अपना घर होना हर परिवार का सपना होता है। प्रधानमंत्री आवास और आबुआ आवास योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का यह सपना साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के योग्य एवं जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, प्रखंड प्रमुख प्रतिमा बाला पातर ने लाभुक परिवारों को बधाई देते हुए नए घर में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि आवास मिलने के बाद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि युधिष्ठिर मांझी, स्वयंसेवक संजय कुमार महतो, सबिता महतो, शक्तिपद महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, लाभुक परिवार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
