
जय माता दी सेवा समिति ने 150 जरूरतमंदों को कराया भोजन, वस्त्र वितरण भी

संवाददाता : मौसम गुप्ता
दुमका । रविवार को जय माता दी सेवा समिति की ओर से शहर के विभिन्न स्थानों पर गरीब, लाचार, विक्षिप्त एवं जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया गया। समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार राउत के नेतृत्व में यह सेवा कार्यक्रम प्रत्येक रविवार को नियमित रूप से चलाया जाता है।
आज के दिन अध्यक्ष राउत ने अपने घर से स्वनिर्मित भोजन—राजमा, चावल, अचार आदि—तैयार कर कार से शहर का भ्रमण करते हुए टाटा शोरूम चौक, धर्मस्थान मंदिर, वीर कुंवर सिंह चौक, गांधी मैदान सहित विभिन्न स्थानों पर करीब 150 लोगों को भोजन कराया।
अध्यक्ष श्री राउत ने कहा कि “इस सेवा कार्य से आत्मिक शांति प्राप्त होती है। यह सेवा 1 जनवरी 2022 से उनकी सुपुत्री की प्रेरणा से प्रारंभ हुई थी और माता रानी की कृपा से आज भी प्रत्येक रविवार निरंतर जारी है।”
इसके अलावा आज दुर्गा पूजा के उपलक्ष्य में समिति की ओर से श्री अमरा स्थित ब्लाइंड स्कूल एवं हॉस्टल में बच्चों और बड़ों के बीच वस्त्र वितरण भी किया गया।
आज के कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेश कुमार राउत के साथ मोनिका देवी, संदीप कुमार (जय बमबम), संतोष ठाकुर, सुनीता सहित कई कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।

