
जमशेदपुर : चिकन दुकान में आपसी विवाद चाकूबाजी तक जा पहुंचा, आजादनगर में सनसनी…
✒️ … दीप सागर

आजादनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 10 के समीप स्थित एक चिकन दुकान बुधवार सुबह अचानक हिंसा का केंद्र बन गया, जब दो कर्मचारियों के बीच आपसी विवाद चाकूबाजी तक जा पहुंचा। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
घायल युवक की पहचान कपाली निवासी 19 वर्षीय आरिफ अंसारी के रूप में की गई है, जो उक्त चिकन दुकान में मजदूर के रूप में काम करता था। वहीं आरोपी की पहचान 20 वर्षीय मोहम्मद फिरदौस के रूप में हुई है, जो कपाली टीओपी चौक के पास का रहने वाला बताया जा रहा है। दोनों युवक पिछले कुछ महीनों से उक्त दुकान में साथ काम कर रहे थे।
घटना के बारे में जानकारी देते हुए घायल आरिफ ने बताया कि सुबह काम शुरू होने के कुछ समय बाद ही फिरदौस के साथ उसकी बहस हो गई। विवाद टेबल पर समान रखने की बात को लेकर शुरू हुआ, लेकिन धीरे-धीरे मामला इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। इसी दौरान गुस्से में आए फिरदौस ने हाथ में पकड़े चाकू से आरिफ के गले पर वार कर दिया। चाकू का वार लगते ही आरिफ लहूलुहान होकर गिर पड़ा और मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायल आरिफ को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार आरिफ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, लेकिन वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया। लोगों ने आजादनगर पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि दिनदहाड़े मामूली विवाद पर जानलेवा हमला कर दिया गया। यदि समय रहते आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति हो सकती है।
आजादनगर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना की सटीक जानकारी मिल सके। वहीं आरोपी के खिलाफ आईपीसी की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया जा रहा है।
