
शिलान्यास के महीनों बाद भी नहीं बना पथ, कीचड़ में चलने को मजबूर हेसल जारा के ग्रामीण

राँची/अनगड़ा ( ब्यूरो रिपोर्ट) । जिले के अनगड़ा प्रखंड अंतर्गत हेसल पंचायत में हेसल जारा जानेवाले पथ की स्थिति आज भी बेहद जर्जर बनी हुई है। आजादी के दशकों बाद भी यह पथ विकास की ओर नहीं बढ़ पाया है। हेसल रिंग रोड के समीप पुरुलिया पथ से हेसल जारा की ओर जानेवाला यह मार्ग अबतक पक्की सड़क में परिवर्तित नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह रास्ता आज भी कच्चा है और हल्की बारिश में भी कीचड़ में तब्दील हो जाता है। वहीं बारिश के मौसम में हालत और भी खराब हो जाती है न केवल पैदल चलना मुश्किल होता है बल्कि मोटरसाइकिल, चार पहिया वाहन भी यहां फंस जाते हैं।
गौरतलब है कि खिजरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक द्वारा इस सड़क निर्माण का शिलान्यास लगभग 8-9 महीने पूर्व किया गया था। बावजूद इसके अबतक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग और प्रशासन जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कर ग्रामीणों को राहत प्रदान करे। यह मार्ग न केवल हेसल जारा के लोगों के लिए, बल्कि आस-पास के कई गांवों के लिए भी जीवन रेखा है। अंत में जनता यही पूछ रही है – शिलान्यास के बाद निर्माण कब?

