
दुमका के दिशोम मांझी थान में 2 नवंबर को धूमधाम से होगी जानथाड़ पूजा, तैयारियाँ जोरों पर

दुमका ब्यूरो मौसम गुप्ता का रिपोर्ट
दुमका । दिशोम मांझी थान, दुमका में रविवार को साप्ताहिक बोंगा बुरु पूजा के उपरांत दिशोम मांझी बाबा बीनीलाल टुडू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 2 नवंबर को दिशोम जानथाड़ पूजा बड़े धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी।
समिति ने बताया कि पूजा की तैयारियाँ जोरों पर हैं। मांझी बाबा ने सभी श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर पूजा को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में यह भी तय किया गया कि लुगू बुरु धोरोम गाढ़, ललपनिया (बोकारो) में आयोजित होने वाली राजकीय पूजा में शामिल होने के लिए दिशोम मांझी थान, दुमका की टीम 4 नवंबर (मंगलवार) को प्रस्थान करेगी।
बता दें कि लुगू बुरु घांटा बाड़ी धोरोम गाढ़, गोमिया (बोकारो) में हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव का आयोजन होता है। इस वर्ष यह 4 और 5 नवंबर को आयोजित होगा।
इस राजकीय आयोजन में देश-विदेश से लाखों संथाल धर्मावलंबी शामिल होते हैं, जो अपनी धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने एवं समुदाय के उत्थान से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करते हैं।
बैठक में सुरेशचंद्र सोरेन, मोहन टुडू, लाईनदु मुर्मू, ईमेल मरांडी, सीताराम सोरेन, सोनेलाल मुर्मू, दशमत किस्कू, कैप्टन हेंब्रम, जोसेफ टुडू, साहेबराम किस्कू, पिंकी किस्कू, प्रोमिला मुर्मू सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
Related posts:

