
झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने पोटका में तीन माह के खाद्यान्न वितरण की माँग को लेकर आपूर्ति पदाधिकारी से की मुलाकात

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पोटका प्रखंड कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पोटका प्रखंड मुख्यालय पहुँचकर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार एवं सहायक गोदाम प्रबंधक विशाल कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जून, जुलाई एवं अगस्त 2025 (तीन माह) के खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की। प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि तीनों माह का चावल डोर-टू-डोर डिलीवरी के माध्यम से सभी जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों तक भेजा जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई डीलर लाभुकों को अनाज वितरण नहीं करता है, तो इसकी शिकायत मिलने पर विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सरकार की योजनाओं को किसी भी स्थिति में अधूरा नहीं छोड़ा जाएगा ताकि कोई भी राशन कार्डधारी चावल से वंचित न रह सके। प्रतिनिधिमंडल ने कड़े शब्दों में कहा कि यदि किसी पंचायत क्षेत्र से राशन नहीं मिलने की शिकायत मिलती है, तो इस संबंध में स्थानीय विधायक संजीव सरदार एवं झारखंड सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री को लिखित शिकायत सौंपी जाएगी। इस अवसर पर झारखंड आंदोलनकारी बबलू चौधरी, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, हितेश भगत, विद्यासागर दास, देव पालीत, शुभम बोस एवं लोथरो टुडू उपस्थित रहे।

