कपाली पुलिस का नशे के खिलाफ बड़ा शिकंजा, 58 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ चार युवक गिरफ्तार


रिर्पोटर : जगबंधु महतो
सड़क किनारे संदिग्ध गतिविधि ने खोला नशे का राज, 6.63 ग्राम ब्राउन शुगर और दो बाइक जब्त
कपाली : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कपाली ओपी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया। इनके पास से कुल 58 पुड़िया अवैध ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 6.63 ग्राम है, बरामद किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 की शाम विधि-व्यवस्था एवं अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान श्रम चौक ब्रह्मानंद, तामुलिया, कपाली ओपी के पास पुलिस वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पांच युवक मोटरसाइकिलों के पास खड़े मिले। पुलिस को संदेह होने पर उनकी जांच की गई। कार्रवाई के दौरान चार युवकों को पकड़ा गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति मौके से निकल गया।
तलाशी में आकाश महतो के पास से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर (2.31 ग्राम), शिबू गोराई के पास से 15 पुड़िया (1.68 ग्राम), सुमित कुमार यादव के पास से 13 पुड़िया (1.43 ग्राम) तथा राहुल यादव के पास से 11 पुड़िया (1.21 ग्राम) बरामद हुई।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल—JH 05 DU 3730 और JH 05EC 1865— जब्त की गई हैं। छापामारी दल में कपाली ओपी के एसआई अविनाश कुमार, एसआई हसनैन अंसारी, एसआई हीरालाल मुंडू, एएसआई धर्मेंद्र कुमार तथा रिजर्व गार्ड शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से कपाली क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

