Spread the love

जामजोड़ा-सपड़ा में अवैध शराब के अड्डों पर उत्पाद विभाग का धावा, 37 हजार किलो जावा किया नष्ट, 500 लीटर देसी महुआ शराब,स्कूटी जब्त

Advertisements
Advertisements

रिपोर्टर : जगबंधु महतो

तीन आरोपी गिरफ्तार, 500 लीटर देसी महुआ शराब व शराब बनाने की सामग्री नष्ट; एक स्कूटी भी बरामद

 

सरायकेला/गम्हरिया: अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ सरायकेला-खरसावां उत्पाद विभाग ने शनिवार को बड़ा अभियान चलाया। विभागीय टीम ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोड़ा और आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सपड़ा में एक साथ छापेमारी कर अवैध शराब निर्माण के ठिकानों का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान करीब 37 हजार किलोग्राम जावा महुआ और 500 लीटर देसी महुआ शराब बरामद की गई।

उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री भी बरामद की। बरामद जावा महुआ और देसी शराब को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मौके से शराब की ढुलाई में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी भी जब्त की गई।

इसकी जानकारी सरायकेला-खरसावां के उत्पाद अधीक्षक क्षितिज विजय मिज ने शनिवार को सरायकेला में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी। उन्होंने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विभाग को जहां भी अवैध शराब कारोबार की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद अधीक्षक ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का लक्ष्य केवल शराब जब्त करना नहीं, बल्कि अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाना है।
छापेमारी अभियान में एसआई सोनू कुमार, अवर निरीक्षक महेंद्र रविदास, सौदागर पंडित समेत उत्पाद विभाग के अन्य पदाधिकारी और होमगार्ड के जवान शामिल रहे। बड़ी मात्रा में जावा महुआ और शराब की बरामदगी के बाद अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।