Advertisements
Spread the love

79 पाउंड का केक काटकर मनाया गया लालू यादव का जन्मदिन, आबादी आधारित आरक्षण आंदोलन का हुआ ऐलान

Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

“लालू व्यक्ति नहीं, सामाजिक न्याय की विचारधारा हैं” : पुरेंद्र नारायण सिंह ने छेड़ा नए जनआंदोलन का बिगुल

 

आदित्यपुर : राजद सुप्रीमो एवं सामाजिक न्याय की राजनीति के प्रमुख चेहरे लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिवस पर आदित्यपुर ऑटो क्लस्टर सभागार में लालू विचार केंद्र, झारखंड प्रदेश की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया। पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में 79 पाउंड का विशाल केक काटकर लालू यादव का जन्मदिन मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने तिलक लगाकर एवं आरती उतारकर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अधिकार और वंचित वर्गों की आवाज़ को बुलंद करने वाली एक सशक्त विचारधारा हैं। उन्होंने कहा कि देश में आबादी के आधार पर सरकारी नौकरियों, निजी क्षेत्र और ठेकेदारी में आरक्षण लागू कराने के लिए व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा में ओबीसी समुदाय को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन चलाया जाएगा। साथ ही झारखंड के उद्योगों में 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की राज्य सरकार की घोषणा को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए भी संघर्ष तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान लालू प्रसाद यादव के जीवन, संघर्ष और राजनीतिक योगदान पर आधारित प्रश्नोत्तर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विजयी प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कृत किया गया, वहीं संगठन के सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।
समारोह में प्रसिद्ध लोकगायक राजेश रसिक यादव ने अपने गीतों की प्रस्तुति से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, आबादी आधारित आरक्षण और स्थानीय युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर संघर्ष को तेज करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर विकास प्रसाद, अर्जुन प्रसाद यादव, सिद्धनाथ सिंह, देव प्रकाश, वीरेंद्र यादव, अजीत कुमार, यदुनंदन राम समेत बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You missed