Spread the love

नामकुम में विधिक जागरूकता अभियान की शुरुआत —नशा उन्मूलन, बाल अधिकार एवं सामाजिक बुराइयों पर फोकस

Advertisements
Advertisements

Arjun Kumar Pramanik…..✍️

नामकुम(राँची)  ।  झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के निर्देश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा), रांची के मार्गदर्शन में नामकुम प्रखंड के लालखटंगा पंचायत सचिवालय भवन में सोमवार को विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची और आशा एनजीओ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर एलएडीसीएस डिपुटी चीफ राजेश कुमार सिन्हा, पीएलवी लता कुमारी, युधिष्ठिर महतो, प्रीति कुमारी, राजकुमार और राजा वर्मा उपस्थित थे। राजेश कुमार सिन्हा ने बच्चों से संबंधित कानूनों जैसे जेजे एक्ट, पोक्सो एक्ट, बाल श्रम निषेध अधिनियम और बच्चों के मौलिक अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने नालसा द्वारा संचालित योजनाओं — साथी, डॉन, आशा, जागृति और संवाद — पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशा से धन और स्वास्थ्य दोनों पर विपरीत प्रभाव पड़ता है और यह पूरे परिवार को प्रभावित कर देता है। साथ ही बाल विवाह की रोकथाम और समृद्धि योजना के बारे में जानकारी दी। पीएलवी लता कुमारी ने दहेज प्रथा की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा “कानून सिर्फ किताबों में लिखे नियम नहीं हैं, बल्कि समाज में समानता और सम्मान के जीवंत प्रतीक हैं। दहेज, बाल विवाह और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से लड़ने के लिए सबसे पहले हमें अपने अधिकार और कर्तव्यों की पहचान करनी होगी। जब हर महिला अपने हक़ की आवाज़ खुद बनेगी, तभी असली न्याय की परंपरा मजबूत होगी।” पीएलवी युधिष्ठिर महतो ने एमएसीटी एक्ट के अंतर्गत सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया समझाई तथा वृद्धा पेंशन और विधवा पेंशन की जानकारी दी। पीएलवी प्रीति कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना, श्रम कार्ड और पेंशन योजनाओं से लाभ उठाने की प्रक्रिया बताई और कहा कि पात्र लाभुक सीधे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रांची में आवेदन देकर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी पीएलवी ने आगामी 13 दिसम्बर 2025 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी और बताया कि इसमें आपराधिक सुलहनीय, दीवानी, श्रम, वैवाहिक, उत्पाद, चेक बाउंस, ट्रैफिक चालान, भूमि अधिग्रहण, वन विभाग और बिजली से संबंधित मामलों का मध्यस्थता के माध्यम से निस्तारण किया जाएगा। अंत में पीएलवी टीम ने उपस्थित लोगों के बीच पम्पलेट और लिफलेट वितरित कर विधिक अधिकारों और योजनाओं की जानकारी दी। यह विधिक जागरूकता अभियान नामकुम प्रखंड के पाँच पंचायतों में क्रमवार आयोजित किया जाएगा, जिसकी शुरुआत आज से हो चुकी है।

You missed