Spread the love

सरायकेला में आकाशीय बिजली का कहर, घर में बैठे युवक की दर्दनाक मौत से पसरा मातम

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली, दुबराजपुर के अनिल महतो की गई जान, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सरायकेला: सरायकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत टेन्टोपोसी पंचायत के दुबराजपुर गांव स्थित बेचीडीह टोला में शुक्रवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान अनिल महतो के रूप में हुई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को करीब 3:30 बजे अनिल महतो अपने घर में बैठे हुए थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अनिल महतो की असामयिक मौत से पूरे दुबराजपुर गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है। मौसम विभाग द्वारा लगातार खराब मौसम और वज्रपात की चेतावनी के बीच प्रशासन ने भी लोगों से बारिश और तेज गर्जना के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।