नशे के ठिकानों पर सीनी पुलिस का शिकंजा, जंगल से बस्ती तक चली ताबड़तोड़ तलाशी


रिर्पोटर :जगबंधु महतो
सीनी में नशाखोरी पर पुलिस की कड़ी नजर, ओपी प्रभारी विनय कुमार ने दी सख्त चेतावनी
सीनी: सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी ओपी क्षेत्र में नशाखोरी और उससे जुड़ी असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। ओपी प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों, सार्वजनिक स्थलों, जंगल-झाड़ियों तथा उन स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया, जहां नशा करने वालों के जुटने की सूचना मिल रही थी।
अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से जांच की और मौके पर मौजूद लोगों को नशे से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
ओपी प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ स्थानों पर नशा करने वालों का जमावड़ा लग रहा है, जिससे आसपास का माहौल प्रभावित हो रहा है। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विशेष अभियान चलाकर संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों और नशाखोरी को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने आम नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं भी अवैध नशे का कारोबार, नशा करने वालों का जमावड़ा या संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का मानना है कि जनसहयोग और सतत जागरूकता के माध्यम से ही नशामुक्त एवं सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है।

