
अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी दिवस पर सिदो कांन्हू उच्च विद्यालय में लायंस क्लब की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दुमका संवाददाता- मौसम गुप्ता
दुमका : अंतर्राष्ट्रीय पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को सिदो कान्हू उच्च विद्यालय, दुमका में छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से लायंस क्लब दुमका द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के बीच “पर्यावरण संरक्षण” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को लायंस क्लब द्वारा उपहार देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर लायंस क्लब के सचिव लायन प्रदीप्त मुखर्जी एवं अध्यक्ष लायन सतीश कुमार ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्लास्टिक के उपयोग से बचने, जल संरक्षण करने तथा प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया साथ ही सभी बच्चों को जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए शपथ दिलाई गई| कार्यक्रम में विद्यालय की निर्देशिका सह लायन सदस्य लायन सुनीता मुखर्जी, प्राचार्य इंद्रजीत प्रसाद भगत, लायन डॉ. अमिता रक्षित, लायन डॉ. अखिलेश कुमार सिन्हा, जिला चेयरपर्सन (रेन वाटर हार्वेस्टिंग) लायन डॉ. मनोज कुमार घोष, लायन सुनील कुमार साह एवं लायन डॉ. श्वेता स्वराज सहित अन्य सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान सभी लायन सदस्यों को विद्यालय के प्राचार्य इंद्रजीत प्रसाद भगत एवं शिक्षक बृजेश कुमार शुक्ल द्वारा अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक राजेश कुमार द्वारा किया गया, जबकि अंत में प्राचार्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

