Advertisements
Spread the love

ओरिएंट क्राफ्ट विवाद सुलझा त्रिपक्षीय वार्ता में अहम फैसले

Advertisements

Arjun Kumar…..✍️

राँची । रांची के खेलगांव स्थित ओरिएंट क्राफ्ट फैशन इंडस्ट्रीज लिमिटेड में मजदूरों और प्रबंधन के बीच चल रहे विवाद पर 22 अप्रैल 2026 को त्रिपक्षीय वार्ता हुई। इस बैठक में प्रबंधन, श्रमिक प्रतिनिधि और श्रम विभाग के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सबसे बड़ा मुद्दा मजदूरों की बकाया सैलरी का था। मजदूरों ने बताया कि फरवरी और मार्च 2026 की मजदूरी का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इस पर कंपनी के CMD सह मालिक सुधीर ढींगरा ने आश्वासन दिया कि फरवरी की सैलरी 23 अप्रैल 2026 तक और मार्च की सैलरी 10 मई 2026 तक दे दी जाएगी। वहीं अप्रैल महीने का भुगतान भी जल्द करने की बात कही गई। मजदूरी भुगतान को लेकर एक और बड़ा निर्णय लिया गया। अब पीस रेट के आधार पर भुगतान होने के बावजूद मजदूरों की सैलरी सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी से कम नहीं होगी। इस पर प्रबंधन ने सहमति जताई है। ओवरटाइम को लेकर भी स्पष्ट किया गया कि श्रम कानून के अनुसार कार्य के घंटे अधिकतम 9 घंटे होंगे। इससे अधिक समय को ओवरटाइम माना जाएगा और उसका भुगतान दोगुनी दर से किया जाएगा। इसके अलावा फैक्ट्री में ग्रिवेंस रेड्रेसल कमेटी, वर्क्स कमेटी और इंटरनल कंप्लेंट्स कमेटी की जानकारी मुख्य गेट पर प्रदर्शित की जाएगी, ताकि मजदूर अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकें। महिला कामगारों के साथ दुर्व्यवहार के मामलों में भी सख्त रुख अपनाते हुए प्रबंधन ने दोषी कर्मचारियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की बात कही है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि आंदोलन में शामिल किसी भी श्रमिक के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी और न ही उन्हें काम से निकाला जाएगा । अब देखना होगा कि प्रबंधन अपने वादों को तय समय पर पूरा करता है या नहीं।