आदित्यपुर नगर निगम की बोर्ड बैठक में बड़े फैसले, सफाई व्यवस्था सुधारने और बुनियादी सुविधाओं को लेकर बना एक्शन प्लान

रिर्पोटर : जगबंधु महतो
हर वार्ड में दिखेगा बदलाव: नगर निगम ने सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट को बनाया सर्वोच्च एजेंडा
आदित्यपुर:-
आदित्यपुर नगर निगम की चौथी बोर्ड बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और आधारभूत विकास कार्यों को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। शनिवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता मेयर संजय सरदार ने की, जबकि डिप्टी मेयर अंकुर सिंह, नगर आयुक्त एजाज अनवर और निगम के सभी 35 वार्डों के पार्षद मौजूद रहे। बैठक में शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना पर सहमति बनी।
बैठक में नगर आयुक्त एजाज अनवर ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में कचरा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए सीएसआर (CSR) के माध्यम से नई कचरा वाहन खरीदे जाएंगे। साथ ही सफाई व्यवस्था का निष्पक्ष और वैज्ञानिक मूल्यांकन कराने के उद्देश्य से दिल्ली एमसीडी से जुड़ी एक निजी एजेंसी द्वारा सर्वे कराया जाएगा, ताकि कमियों की पहचान कर उन्हें दूर किया जा सके।
इसके अलावा, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को आधुनिक स्वरूप देने के लिए कचरे से बायोगैस और बिजली उत्पादन की संभावनाओं पर भी गंभीरता से काम करने का निर्णय लिया गया। निगम का मानना है कि इससे न केवल कचरे का बेहतर निस्तारण होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को विस्तार से रखा। अधिकांश जनप्रतिनिधियों ने सफाई व्यवस्था, खराब स्ट्रीट लाइट, पेयजल संकट, सड़क, नाला और पुलिया निर्माण जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन समस्याओं के शीघ्र समाधान को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
मेयर संजय सरदार ने कहा कि नगर निगम की पहली प्राथमिकता आम नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि अगले एक महीने के भीतर सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था में सुधार के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि हर वार्ड में इसका सकारात्मक असर दिखाई दे। वहीं, सड़क, नाला और पुलिया निर्माण जैसे विकास कार्यों को उपलब्ध बजट और फंड के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की रणनीति भी तय की गई।

