Spread the love

‘राष्ट्रमाता’ का दर्जा दिलाने की मुहिम तेज, सरायकेला में 4 लाख से अधिक लोगों का समर्थन, 27 जुलाई को राष्ट्रपति के नाम जाएगा ज्ञापन

Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

गौ सम्मान अभियान ने पकड़ी रफ्तार, जिलेभर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान के बाद प्रशासन को सौंपा जाएगा मांगपत्र

आदित्यपुर :
गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ घोषित करने की मांग को लेकर सरायकेला-खरसावां जिले में चलाया जा रहा ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है। अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाकर लाखों लोगों का समर्थन जुटाया गया है। अभियान से जुड़े पदाधिकारियों ने रविवार को आदित्यपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि 27 जुलाई को उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अभियान के प्रभाग प्रभारी सुमित खंडेलवाल ने कहा कि देशभर के संत-महात्माओं का संकल्प है कि गौ माता को ‘राष्ट्रमाता’ का सम्मान मिले। उनका कहना था कि गोवंश संरक्षण भारतीय संस्कृति और आस्था का अभिन्न हिस्सा है तथा गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने से समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा।

वहीं, जिला प्रभारी सीमा पांडे ने बताया कि सरायकेला-खरसावां जिले के 9 प्रखंडों और 2 अनुमंडलों में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि अब तक 4 लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर कर इस मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार तक जनभावनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

अभियान से जुड़े सदस्यों का कहना है कि यदि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलता है तो उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस नीतियां बन सकेंगी तथा बेसहारा गोवंश की समस्या के समाधान की दिशा में भी प्रभावी पहल होगी।

प्रेसवार्ता में मधुलिका गौतम, सुनीता कुमारी, राजकुमार गोराई और सोमनाथ गोराई समेत अभियान से जुड़े कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

You missed