
हल्दीपोखर किशोर क्लब में काली पूजा पंडाल का उद्घाटन विधायक संजीव सरदार ने किया

रिपोर्टर – अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका । पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका क्षेत्र में दीपावली और मां काली की पूजा सोल्लासपूर्वक मनाई जा रही है। सोमवार को काली पूजा के अवसर पर पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने चांपीडीह, हाता और तेंतला मोड़ सहित कई पूजा पंडालों में शामिल होकर मां काली की आराधना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।
इसी क्रम में विधायक संजीव सरदार सोमवार की रात हल्दीपोखर किशोर क्लब द्वारा आयोजित काली पूजा पंडाल में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले मां काली को अगरबत्ती दिखाकर और नारियल फोड़कर पूजा पंडाल का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद क्लब की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि “मां काली शक्ति की देवी हैं। मां से यही प्रार्थना है कि वे अपने भक्तों पर सदा कृपा बरसाएं और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि बनाए रखें।”
इस अवसर पर बबलू चौधरी ने कहा कि किशोर क्लब द्वारा मां काली की पूजा पिछले 51 वर्षों से शांतिपूर्वक की जा रही है। उन्होंने कहा कि मां काली सभी के जीवन में उमंग और प्रकाश भरें।
कार्यक्रम में पूर्व जिला परिषद सदस्य चंद्रावती महतो, झारखंड आंदोलनकारी सुनील महतो, बबलू चौधरी, क्लब अध्यक्ष भृगु कालिंदी, सचिव शुभम बोस, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, सेंटु बोस, अमल बोस, बबली बोस, देव पालित, रोहित राम, उतम बागती, विकास गुप्ता, लालटू दास, सागर सरदार, प्रकाश सरदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

