Advertisements
Spread the love

नए एसपी मनोज स्वर्गीयारी का बड़ा एक्शन प्लान! ड्रग्स माफिया, गैंगवार और अपराधियों पर अब होगी सीधी चोट

Advertisements
Advertisements

 

रिपोर्टर : जगबंधु महतो

 

‘हथियार लेकर घूमे तो सीधे जेल’, आदित्यपुर से नए एसपी मनोज स्वर्गीयारी का सख्त संदेश

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने पदभार संभालते ही सख्त तेवर दिखाते हुए अपराधियों को खुली चेतावनी दे दी है। गुरुवार को आदित्यपुर थाना में पुलिस अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक के बाद उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अब अपराध, ड्रग्स और गैंगवार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू होगी। कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पत्रकारों से बातचीत में एसपी ने कहा कि आदित्यपुर में तेजी से फैलता ड्रग्स कारोबार पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए सभी थाना प्रभारियों को कड़े निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की रियायत नहीं मिलेगी। इसके साथ ही गैंगवार, दुष्कर्म और संगठित अपराध में शामिल अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।

एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि जेल से रिहा हुए पुराने अपराधियों का सत्यापन कराया जाएगा। यदि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ऐसे तत्वों की हर गतिविधि पर लगातार नजर रखेगी।

सबसे बड़ा ऐलान करते हुए नए एसपी ने कहा कि जमशेदपुर और आदित्यपुर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही चापड़बाजी और खुलेआम हथियार लेकर घूमने की प्रवृत्ति पर अब पूरी तरह लगाम कसी जाएगी। इसके लिए प्रतिदिन दो बार विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। यह केवल ट्रैफिक जांच नहीं होगी, बल्कि हथियारबंद अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान होगा। रिवॉल्वर, चाकू या अन्य घातक हथियार के साथ पकड़े जाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नए एसपी ने भरोसा दिलाया कि जिले में कानून का राज स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी मुस्तैदी, पारदर्शिता और सख्ती के साथ काम करेगी ताकि आम नागरिक सुरक्षित माहौल में जीवन जी सकें। उनके सख्त संदेश के बाद अपराधियों में हड़कंप और आम लोगों में सुरक्षा की नई उम्मीद देखी जा रही है।