
पटना : “लालू के लाल का एलान, लालू – राबड़ी को जगह नहीं”…
संजय कुमार विनित…✍️

(वरिष्ठ पत्रकार सह राजनीतिक विश्लेषक)
आरजेडी से बाहर किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने राजनीतिक वापसी की है और अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ का ऐलान कर दिया है। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में उन्होंने पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न भी सार्वजनिक किया है, और अपने पोस्टर में पांच महापुरुष को जगह दिया है, पर अपने माता राबड़ी और पिता लालू को नहीं।
तेज प्रताप यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत राष्ट्रीय जनता दल से की। वे महागठबंधन सरकार में स्वास्थ्य मंत्री भी रहे। हाल ही में एक विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट के कारण उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था ।इस पोस्ट में उन्होंने अपने रिश्ते अनुष्का के साथ लिव इन रिलेशनशिप का खुलासा किया था, बाद में उन्होंने अपना सोशल मीडिया अकाउंट हैक होने का दावा किया और पोस्ट भी डिलीट कर दिया था। तेज प्रताप की राजनीतिक यात्रा में कई उतार-चढ़ाव आए हैं।वे कई बार अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के साथ मतभेदों की चर्चाओं से सुर्खियों में रहे।

तेज प्रताप यादव ने पार्टी का जो पोस्टर लॉन्च किया है उसमें उन्होंने 5 महापुरुषों और नेताओं को भी शामिल किया है। पोस्टर में महात्मा गांधी, बीआर अंबेडकर, राम मनोहर लोहिया, जय प्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर शामिल हैं। गौर करने वाली बात ये भी है कि तेज प्रताप ने इस पोस्टर में अपने पिता लालू प्रसाद यादव को जगह नहीं दी है।
इससे पहले अगस्त में तेज प्रताप यादव ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेने के लिए पांच छोटी पार्टियों के साथ गठबंधन करने की घोषणा की थी। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल से पिता और पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव द्वारा निष्कासन के कुछ महीने बाद अलायंस का फैसला लिया था। गठबंधन में शामिल पांच पार्टियां विकास वंचित इंसान पार्टी (VVIP) ,भोजपुरिया जन मोर्चा (BJM) ,प्रगतिशील जनता पार्टी (PJB), वाजिब अधिकार पार्टी (WAP) और संयुक्त किसान विकास पार्टी है।
तेज प्रताप यादव ने इन पांच पार्टियों के राष्ट्रीय अध्यक्षों के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि इस गठबंधन का उद्देश्य सामाजिक न्याय, अधिकार और बिहार के संपूर्ण विकास को आगे बढ़ाना है। तेज प्रताप ने दावा किया है कि वह आगामी बिहार विधानसभा चुनाव महुआ विधानसभा सीट से लडे़ंगे। इससे पहले तेज प्रताप ने 2015 में महुआ से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी। तेज प्रताप यादव का दावा है कि महुआ ही उनकी कर्मभूमि है और अगर कोई और महुआ से चुनाव लड़ेगा तो जनता उसे हरा देगी।
