
सरायकेला में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर सियासत तेज, भाजपा महिला मोर्चा ने विपक्ष पर साधा निशाना

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
सरायकेला : नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल को लेकर देशभर में सियासी घमासान तेज हो गया है। इसी क्रम में सरायकेला में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रितिका मुखी ने इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने बिल के पारित नहीं होने को देश की महिलाओं के साथ अन्याय बताया और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
रितिका मुखी ने कहा कि देश की आधी आबादी से जुड़े इस महत्वपूर्ण विधेयक को समर्थन नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कांग्रेस नेत्री और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पौत्री होने के बावजूद उन्होंने इस बिल का विरोध किया, जिससे महिलाओं के हित प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बिल के बहाने परिसीमन को लेकर साजिश की बात पूरी तरह गलत है और इसे विपक्ष का एजेंडा बताया।
रितिका मुखी ने जोर देकर कहा कि महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और सभी दलों को एकजुट होकर काम करना चाहिए।

