
कमीशन नहीं मिलने से नाराज़ पोटका के राशन डीलर, बीडीओ को सौंपा पांच सूत्री मांग पत्र

संवाददाता : अभिजीत सेन
जमशेदपुर/पोटका : पोटका प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में सोमवार को फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अनवर अली ने की। बैठक में प्रखंड क्षेत्र के दर्जनों राशन डीलरों ने भाग लिया और अपनी लंबित मांगों एवं समस्याओं को लेकर आवाज़ बुलंद की।
बैठक में वक्ताओं ने बताया कि जनवरी 2024 से लेकर अगस्त 2025 तक का कुल नौ महीनों का कमीशन अब तक नहीं मिला है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा ग्रीन राशन कार्ड योजना के अंतर्गत वितरित दाल, नमक आदि पर 18 माह का कमीशन भी बकाया है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि लगातार कमीशन नहीं मिलने की वजह से डीलर आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। कई डीलरों के बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और कुछ को स्कूल तक छोड़ना पड़ा है। घरेलू खर्च चलाना तक मुश्किल हो चुका है।
डीलरों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि यदि सितंबर 2025 तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।
बैठक के बाद डीलरों ने पांच सूत्री मांग पत्र पोटका के प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को सौंपा। इसके पश्चात प्रखंड मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन भी किया गया।
इस मौके पर संघ के अध्यक्ष अनवर अली, उपाध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद गुप्ता, भीकू कालिंदी, खेलाराम मुर्मू, जगन्नाथ सोरेन, द्वारिका प्रसाद, फनी भूषण पाल, रखो हरि सीट, बंकेश सीट, राजेंद्र गुप्ता समेत कई डीलर उपस्थित रहे।

